मल्लिकार्जुन खरगे के उत्तराखंड दौरे की तैयारियां तेज, हल्द्वानी में कांग्रेस नेताओं ने बनाई रणनीति

Listen to this article

दून वैली टाइम्स | हल्द्वानी

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को स्वराज आश्रम, हल्द्वानी में भ्रमण एवं कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति तैयार की।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, सह प्रभारी मनोज यादव, चुनाव संचालन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और पदाधिकारियों ने सहभागिता की।

बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों, कार्यकर्ताओं के समन्वय, जनसंपर्क अभियान और विभिन्न जिलों से कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर मंथन किया।

बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम से जोड़ते हुए अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन को नई ऊर्जा देने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करेगा।

कांग्रेस नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर भी जोर दिया। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर विभिन्न समितियों को जिम्मेदारियां सौंपने और कार्यक्रम की तैयारियों की नियमित समीक्षा करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में उपस्थित नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि मल्लिकार्जुन खरगे का उत्तराखंड दौरा प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण संदेश देगा और कांग्रेस संगठन को मजबूती प्रदान करेगा।

About The Author