श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उमड़ी क्षेत्रवासियों की भीड़, स्व. गुलाब सिंह के योगदान को किया याद

चकराता। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह के पूज्य पिता एवं जौनसार-बावर के वरिष्ठ जननेता स्वर्गीय गुलाब सिंह की 100वीं जन्म जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर स्व. गुलाब सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा में दिए योगदान को याद किया।

इस अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह ने कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले सभी क्षेत्रवासियों एवं सम्मानितजनों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूज्य पिताजी ने अपने सार्वजनिक जीवन में जौनसार-बावर के विकास और क्षेत्र की जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके द्वारा किए गए विकास कार्य, क्षेत्र के प्रति उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और सर्वांगीण विकास के लिए किए गए प्रयास आज भी उनके लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

प्रीतम सिंह ने कहा कि पूज्य पिताजी के जनसेवा के आदर्शों और सामाजिक जीवन में उनके योगदान से प्रेरणा लेकर वह जौनसार-बावर की जनता की सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि स्व. गुलाब सिंह द्वारा स्थापित जनसेवा की परंपरा और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाना उनके लिए सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि स्व. गुलाब सिंह की 100वीं जयंती पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जिस प्रकार क्षेत्रवासियों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी सहभागिता दर्ज की, वह उनके प्रति जनता के स्नेह, सम्मान और विश्वास को दर्शाता है। क्षेत्रवासियों की भावनात्मक सहभागिता ने स्व. गुलाब सिंह के जनसेवा के कार्यों और उनके सामाजिक योगदान की स्वीकार्यता को और मजबूत किया है।

जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प
प्रीतम सिंह ने कहा कि उनके पिता का जीवन जौनसार-बावर के विकास और समाज की सेवा के लिए समर्पित रहा। उनके विचार और कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणादायी हैं। उन्होंने क्षेत्र की जनता के साथ अपने संबंधों को पारिवारिक बताते हुए कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास ही उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के अंत में प्रीतम सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों, क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

