बाजपुर में PWD अधिकारी की जमकर पिटाई! पहले पोती कालिख, फिर मारपीट का वीडियो वायरल

बाजपुर। लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारी के साथ कथित मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि विकास कार्यों में कथित लापरवाही और गुणवत्ता को लेकर नाराज लोगों ने अधिकारी के खिलाफ विरोध जताते हुए पहले उनके चेहरे पर कालिख पोती और इसके बाद उनके साथ मारपीट की।

बताया जा रहा है कि पूर्व दर्जाधारी राजेश कुमार की मौजूदगी में PWD के कार्यों को लेकर अधिकारी से सवाल-जवाब किए गए। इसी दौरान मामला अचानक गरमा गया और अधिकारी के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई।

हैरानी की बात यह बताई जा रही है कि पूरा घटनाक्रम उपजिलाधिकारी समेत कई अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ। वायरल वीडियो में कुछ लोग PWD अधिकारी के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सरकारी अधिकारी की सुरक्षा और मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

मामले को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि PWD के कार्यों में लापरवाही या अनियमितता के आरोप थे, तो क्या उसका समाधान कानून हाथ में लेकर किया जाना उचित है? वहीं, अधिकारियों की मौजूदगी में कथित मारपीट को रोकने के लिए तत्काल क्या कार्रवाई की गई, यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

फिलहाल घटना को लेकर प्रशासन और संबंधित विभाग की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। दोष और जिम्मेदारी तय होना जांच के बाद ही संभव है।

दून वैली टाइम्स वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता। संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष सामने आने पर खबर को अपडेट किया जाएगा।

About The Author