NEET में कांसवाली कंडोली की बेटी सोनिया ने लहराया परचम

विकासनगर। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कांसवाली कंडोली की होनहार बेटी सोनिया ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में सफलता हासिल कर अपने परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सोनिया की इस उपलब्धि से गांव में खुशी का माहौल है और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई दी है।

सोनिया की सफलता की खुशी साझा करने के लिए सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर उनके घर पहुंचे। विधायक ने सोनिया को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बावजूद सोनिया ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी शहर या संसाधनों की मोहताज नहीं होती, बल्कि मेहनत और मजबूत इरादों से सफलता हासिल की जा सकती है।

विधायक ने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, खेल सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़कर परिवार और प्रदेश का गौरव बढ़ा रही हैं। ऐसी प्रतिभाओं को सम्मान और प्रोत्साहन देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने सोनिया की माता बबीता देवी, पिता प्रदीप कुमार और पूरे परिवार को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि सोनिया आगे चिकित्सा शिक्षा पूरी कर एक सफल चिकित्सक बनेंगी और मानव सेवा के साथ अपने गांव एवं सहसपुर क्षेत्र का नाम और ऊंचा करेंगी।

इस दौरान जिला पंचायत सदस्य कंचन, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मेद्य सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्यामा देवी, सुद्धोवाला मंडल उपाध्यक्ष अनूप सेमवाल, महेंद्र सिंह, टीकाराम, राजेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *