देहरादून। मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी और बीती रात से लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए थाना सहसपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी बढ़ा दी है।
थाना सहसपुर पुलिस ने नदी और नालों के किनारे रहने वाले लोगों से संपर्क कर उन्हें संभावित खतरे के प्रति जागरूक किया तथा जोखिम वाले स्थानों से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। पुलिस टीमों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
क्षेत्र में चीता पुलिस और मोबाइल आपदा किट से लैस पुलिस टीमें लगातार भ्रमण कर रही हैं। लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को नदी-नालों के पास न जाने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति, जलभराव, भूस्खलन या अन्य खतरे की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। सहसपुर पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मानसून के दौरान लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।




