हरिद्वार में चलती बस में निकला सांप, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

Listen to this article

दून वैली टाइम्स | हरिद्वार

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रुड़की-लक्सर मार्ग पर संचालित एक निजी बस में अचानक सांप निकल आने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सांप को देखते ही बस में चीख-पुकार मच गई और यात्री घबरा गए। हालांकि चालक की सूझबूझ और दो युवकों की बहादुरी के चलते बड़ा हादसा टल गया।

मिली जानकारी के अनुसार, एक निजी बस रुड़की से यात्रियों को लेकर लक्सर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस ढंडेरा रेलवे फाटक के पास पहुंची, तभी बस के अंदर अचानक एक सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे सुरक्षित रोक दिया और सभी यात्रियों को एक-एक कर बस से बाहर निकाल दिया।

वन विभाग पर लापरवाही के आरोप

घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। बताया गया कि विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन अधिकारियों ने यह कहते हुए कार्रवाई से हाथ खड़े कर दिए कि यह क्षेत्र मंगलौर रेंज के अंतर्गत आता है। यात्रियों का आरोप है कि काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद मौके पर कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई।

दो युवकों ने दिखाई बहादुरी

जब काफी समय तक वन विभाग से कोई मदद नहीं मिली, तब मौके पर मौजूद दो युवकों ने साहस का परिचय दिया। उन्होंने सावधानीपूर्वक सांप को पकड़कर पास के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया। इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली और बस अपने गंतव्य लक्सर के लिए रवाना हो गई।

बड़ा हादसा टला

गनीमत रही कि सांप ने किसी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचाया। यदि समय रहते चालक बस नहीं रोकता या सांप किसी यात्री को काट लेता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद यात्रियों ने चालक की सतर्कता और युवकों की बहादुरी की सराहना की, वहीं वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठाए।

About The Author