हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र के शांतरशाह गांव में सोमवार देर शाम मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान में घुसकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों नकाबपोश हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में जिलेभर में चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम शांतरशाह निवासी हैप्पी पुत्र राजकुमार (25) मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। सोमवार शाम करीब 7:10 बजे दो अज्ञात युवक उसकी दुकान पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि दोनों ने अपने चेहरे सफेद कपड़े से ढके हुए थे। आरोप है कि दुकान के अंदर ही हमलावरों ने हैप्पी को गोली मार दी और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन और स्थानीय लोग घायल हैप्पी को उपचार के लिए सूर्य देव अस्पताल, शांतरशाह ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बहादराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय, रुड़की भेज दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। एसएसपी ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस विभिन्न स्थानों पर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने के साथ ही हमलावरों की तलाश में जुटी है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के कारणों और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
