हरियाणा नंबर की कार में सवार युवकों ने चलाई गोलियां, फायरिंग में एक युवक घायल

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में गुरुवार दोपहर फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। आईटीएस कॉलेज वाली रोड पर कुछ युवक खड़े थे, तभी हरियाणा नंबर की स्विफ्ट कार में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और फायरिंग कर दी। पहली घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

फायरिंग के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद युवकों ने उनका पीछा किया। इसके बाद शिमला बायपास रोड स्थित सेंट ज्यूड चौक के पास दोबारा फायरिंग की गई। इस दौरान साहिल नाम का युवक घायल हो गया। उसे उपचार के लिए इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना में इस्तेमाल स्विफ्ट कार का नंबर HR51AZ0890 बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना में शामिल दोनों पक्ष पहले एक-दूसरे के मित्र रहे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से गुरमीत का आदित्य, सुजल और अंशुल के साथ विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच मतभेद बढ़े और मामला फायरिंग तक पहुंच गया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। हालांकि, घटना को लेकर पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस की जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

About The Author