ऋषिकेश। विश्व प्रसिद्ध तीर्थनगरी ऋषिकेश में गंगा तटों पर बढ़ती अव्यवस्था और हुड़दंगबाजी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ताजा मामला गंगा नदी के बीच स्थित चट्टानों पर बैठकर शराब का सेवन करने वाले कुछ लोगों का सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीन युवक खुलेआम गंगा के बीच चट्टान पर बैठकर शराब पीते दिखाई दिए, जिससे न केवल गंगा की पवित्रता को ठेस पहुंच रही है बल्कि नदी को प्रदूषित करने का भी खतरा बढ़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों और जागरूक स्वयं सहायता समूहों का कहना है कि ऐसे लोगों को कई बार समझाया गया, रोका गया और कई मामलों में प्रशासनिक कार्रवाई भी करवाई गई, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर लगातार ऐसी हरकतें कर रहे हैं।
लोगों का आरोप है कि बाहरी राज्यों से आने वाले कुछ पर्यटक ऋषिकेश और आसपास के प्राकृतिक स्थलों को पिकनिक स्पॉट समझकर गंदगी फैलाने और शराबखोरी जैसी गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं। इससे धार्मिक और पर्यटन नगरी की छवि भी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा गंगा तटों पर नियमित निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि मां गंगा की पवित्रता और क्षेत्र की गरिमा बनी रहे।




