जंगल की आग बुझाते हुए फॉरेस्ट गार्ड की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

Listen to this article

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जनपद के पुरोला क्षेत्र में जंगल की आग बुझाने गए फॉरेस्ट गार्ड सोहन सिंह रावत की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सोहन सिंह रावत वनाग्नि पर नियंत्रण पाने के लिए अपनी टीम के साथ जंगल में गए थे। आग पर काबू पाने के बाद जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों और विभागीय अधिकारियों को चिंता हुई।

अगले दिन वन विभाग की टीम ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद उनका शव जंगल क्षेत्र में बरामद हुआ। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि आग बुझाने के दौरान दुर्गम पहाड़ी इलाके में उनका पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। दिवंगत फॉरेस्ट गार्ड को कर्तव्यनिष्ठ और मेहनती कर्मचारी बताया जा रहा है। वन विभाग ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

वनाग्नि से जंगलों की रक्षा करते हुए अपने कर्तव्य का निर्वहन करते समय हुई यह दुखद घटना पूरे क्षेत्र को झकझोर गई है।

About The Author