विनोद कश्यप हत्या कांड: एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 6 आरोपी जेल भेजे गए

Listen to this article

देहरादून। सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में खेत में पानी चलाने को लेकर हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के साथ ही अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार, 13 जून 2026 की शाम बैरागीवाला गांव में खेत में पानी चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के 30 से 40 लोगों ने अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार के साथ मारपीट की। घटना में गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार उर्फ विनोद कश्यप की उपचार के दौरान लेहमन अस्पताल में मौत हो गई थी।

मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर कोतवाली सहसपुर में हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही पांच आरोपियों रज्जाक, सलमान, जावेद, शहबाज और इम्तियाज को गिरफ्तार कर 15 जून को जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया था। वहीं 16 जून की रात पुलिस ने घटना में शामिल एक अन्य आरोपी इन्तजार पुत्र जमील (32 वर्ष), निवासी बैरागीवाला को तिमली गांव से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About The Author