देहरादून। उत्तराखंड के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक परिवहन परियोजना को लेकर सकारात्मक खबर सामने आई है। मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन (RRTS) के विस्तार पर सहमति बन गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लगातार प्रयासों के बाद उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के बीच इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है। अब जल्द ही परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए सर्वे कार्य शुरू किया जाएगा।
उत्तराखंड में भी दौड़ेगी नमो भारत ट्रेन
दिल्ली से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन का संचालन पहले ही शुरू हो चुका है। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हाई स्पीड कॉरिडोर को उत्तराखंड तक विस्तारित करने के लिए केंद्र सरकार के समक्ष लगातार पैरवी की। हाल ही में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर इस संबंध में प्रस्ताव सौंपा था।
मुख्यमंत्री के प्रयासों को सफलता मिली और अब मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन के विस्तार पर सहमति बन चुकी है। राज्य सरकार ने इस परियोजना के लिए अपर सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है, जबकि NCRTC और उत्तर प्रदेश सरकार ने भी अपने-अपने स्तर पर सहमति और समन्वय की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
150 किलोमीटर लंबा होगा नया कॉरिडोर
प्रस्तावित योजना के अनुसार नमो भारत ट्रेन का नया ट्रैक मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होगा। यह ट्रैक मुजफ्फरनगर होते हुए उत्तराखंड में प्रवेश करेगा और रुड़की, हरिद्वार तथा ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला क्षेत्र तक पहुंचेगा।
परियोजना के तहत कुल लगभग 150 किलोमीटर लंबा नया रेल कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिसमें करीब 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश और 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखंड में होगा।
दिल्ली से ऋषिकेश का सफर होगा आसान
वर्तमान समय में सड़क मार्ग से दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचने में लगभग 5 से 6 घंटे का समय लगता है। नमो भारत ट्रेन के संचालन के बाद यह दूरी महज ढाई से तीन घंटे में तय की जा सकेगी। ट्रेन की अधिकतम गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जिससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।
तीर्थ और पर्यटन को मिलेगा बड़ा लाभ
इस परियोजना से चारधाम यात्रा, हरिद्वार और ऋषिकेश आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को विशेष लाभ मिलेगा। साथ ही दिल्ली-एनसीआर और उत्तराखंड के बीच आवागमन पहले से कहीं अधिक सुविधाजनक हो जाएगा। व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री धामी ने क्या कहा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन सेवा का विस्तार उत्तराखंड की कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। इससे तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को विश्वस्तरीय परिवहन सुविधा मिलेगी। राज्य सरकार केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और NCRTC के साथ मिलकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए लगातार समन्वय कर रही है।
उन्होंने कहा कि बेहतर रेल और परिवहन अवसंरचना के माध्यम से राज्य में विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा उत्तराखंड की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।




