देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, यातायात व्यवस्था में सुधार, पेयजल योजनाओं, आपदा राहत एवं पुनर्वास कार्यों सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए कुल ₹289 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री की ओर से जारी स्वीकृतियों के तहत हरिद्वार, देहरादून, अल्मोड़ा, चम्पावत, पिथौरागढ़, उधमसिंहनगर समेत कई जनपदों में जनहित से जुड़ी योजनाओं को गति मिलेगी। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और आम जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध होंगी।
पंतनगर विश्वविद्यालय को ₹150 करोड़
स्वीकृत परियोजनाओं में सबसे बड़ी राशि गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के लिए मंजूर की गई है। विश्वविद्यालय के विकास कार्यों हेतु ₹150 करोड़ की स्वीकृति दी गई है, जिसमें प्रथम किस्त के रूप में ₹75 करोड़ जारी किए जाएंगे।
देहरादून में यातायात सुधार पर विशेष फोकस
राजधानी देहरादून में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए यातायात सुधार एवं प्रमुख चौराहों के आधुनिकीकरण के लिए ₹33.45 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे शहर में ट्रैफिक प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।
आपदा राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए बड़ा पैकेज
राज्य आपदा मोचन निधि के अंतर्गत पुनर्वास एवं आपदा राहत कार्यों के लिए ₹30 करोड़ की मंजूरी दी गई है। इसके अतिरिक्त पिथौरागढ़ जिले में आपदा प्रभावित 78 परिवारों के पुनर्वास हेतु ₹3.81 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
पेयजल एवं सड़क परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार
मुख्यमंत्री ने नाबार्ड सहायतित विभिन्न पेयजल योजनाओं के लिए ₹40 करोड़ से अधिक की धनराशि स्वीकृत की है। साथ ही कई सड़क निर्माण एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आवागमन सुविधाओं में सुधार होगा।
कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी मिली मंजूरी
स्वीकृत कार्यों में देहरादून स्थित राष्ट्रपति आशियाना के लिए एसटीपी उपचारित जल आपूर्ति व्यवस्था, सहस्त्रधारा हेलिपैड विकास कार्य, हरिद्वार जिला न्यायालय में सीसीटीवी स्थापना, खटीमा में सड़क निर्माण और न्यायालय आवासीय भवन निर्माण, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा ग्रामीण विकास से संबंधित विभिन्न परियोजनाएं भी शामिल हैं।
शहीद के नाम पर होगा मोटर मार्ग
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जनपद में एक मोटर मार्ग का नामकरण शहीद स्वर्गीय भूपाल सिंह (कीर्ति चक्र) के नाम पर किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की है।
सरकार का मानना है कि इन स्वीकृतियों से प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा आम जनता को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।




