विकासनगर। रामपुर मण्डी आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतों के परीक्षण के लिए शुक्रवार को वन विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया। यह कार्रवाई चकराता वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी वैभव कुमार सिंह के निर्देशन में की गई।
उप प्रभागीय वनाधिकारी त्यूणी विभू के नेतृत्व में गठित टीम ने आरक्षित वन क्षेत्र की सीमाओं का भौतिक सत्यापन करते हुए संभावित अवैध खनन गतिविधियों की जांच की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न स्थलों का दौरा कर मौके की स्थिति का आकलन किया तथा शिकायतों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की।
वन विभाग के अनुसार निरीक्षण के आधार पर तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
निरीक्षण दल में वन क्षेत्राधिकारी आनंद सिंह रावत, वन दरोगा गौतम क्षेत्री, वन बीट अधिकारी पूनम चौहान एवं वन आरक्षी शिवानी शामिल रहे।




