जनहित के मुद्दों को लेकर प्रीतम सिंह ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

Listen to this article

कोचिंग संस्थानों को सुरक्षा मानकों के लिए समय देने, लोहारी विस्थापितों, मालदेवता आपदा राहत और शहीद बलबीर सिंह नेगी का चित्र विधानसभा में लगाने की उठाई मांग

देहरादून। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह के नेतृत्व में शनिवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी देहरादून से मुलाकात कर विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून में संचालित कोचिंग संस्थानों को अग्निशमन एवं अन्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त समय दिए जाने की मांग की। इसके साथ ही लोहारी विस्थापितों के पुनर्वास की समस्या का शीघ्र समाधान करने, मालदेवता क्षेत्र में आपदा राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा उत्तराखंड विधानसभा में अन्य शहीदों के साथ राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय बलबीर सिंह नेगी का चित्र भी लगाए जाने का आग्रह किया।

विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि ये सभी विषय जनहित एवं प्रदेश के सम्मान से जुड़े हैं, इसलिए प्रशासन को इन पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।

इस दौरान पूर्व विधायक मसूरी जोत सिंह गुनसोला, पूर्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा, सूरत सिंह नेगी, अजय सिंह तथा मोहित नेगी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसजन मौजूद रहे।

About The Author