विकासनगर/डाकपत्थर। विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के डाकपत्थर स्थित केशव माधवपुरम में निर्माणाधीन मकान में कार्य के दौरान करंट लगने से एक प्लंबर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान जौनसार-बावर क्षेत्र के पंजिया कालसी निवासी 33 वर्षीय मुकेश चौहान के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, मुकेश चौहान शनिवार को केशव माधवपुरम स्थित एक निर्माणाधीन मकान में प्लंबिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वे अचानक करंट की चपेट में आ गए। साथ में काम कर रहे मजदूर उन्हें तत्काल लेहमन अस्पताल, विकासनगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर डाकपत्थर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मुकेश चौहान अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी सविता देवी, तीन छोटे बच्चे और एक छोटा भाई हैं। सबसे दुखद बात यह है कि मुकेश के पिता का पहले ही निधन हो चुका था, जबकि उनकी माता की भी पिछले वर्ष पहाड़ से गिरने के कारण मृत्यु हो गई थी। अब इस हादसे ने तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया भी छीन लिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी सविता देवी का कहना है कि अब बच्चों का पालन-पोषण कैसे होगा। गांव में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




