देहरादून। उत्तराखंड में बीते कई दिनों से पड़ रही चिलचिलाती धूप और उमस से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालांकि अब मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार सोमवार, 29 जून से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदलने के आसार हैं। हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार 29 जून को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
राजधानी देहरादून में दिन के समय मौसम सामान्य रह सकता है, लेकिन शाम तक आंशिक रूप से बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
अगले तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 29 जून, 30 जून और 1 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जैसे मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।
30 जून को इन जिलों में रहेगा असर
30 जून को विशेष रूप से पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं अच्छी बारिश होने का अनुमान है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
1 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट
1 जुलाई को नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और देहरादून जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों से सावधानी बरतने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।
प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों के सक्रिय होने से आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।





