देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुलेट बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली देवप्रयाग क्षेत्र के मूल्यागांव के समीप मंगलवार सुबह करीब 9:05 बजे कर्णप्रयाग की ओर जा रही बस (यूके11 पीए 0316) और सामने से आ रही बुलेट बाइक (यूके12 जी 1916) की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बुलेट बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गई और बस का बोनट क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में बाइक चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पीछे बैठा दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। गंभीर घायल को तत्काल राजकीय वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी, देवप्रयाग पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
फिलहाल मृतक और घायल की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ दोनों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक हादसा, बस और बुलेट की आमने-सामने टक्कर, बाइक चालक की मौत



