देवप्रयाग में रोडवेज बस और कार की आमने-सामने टक्कर, महिला समेत चार घायल

Listen to this article

देवप्रयाग | Doon Valley Times

देवप्रयाग थाना क्षेत्र के पायल गांव डंपिंग जोन के समीप सोमवार को उत्तराखंड परिवहन निगम की रोडवेज बस और एक कार के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार बस संख्या UK07 PA 6756 पौड़ी से देहरादून जा रही थी, जिसमें 37 यात्री सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रही कार संख्या UK08 BG 1655 से उसकी टक्कर हो गई।

दुर्घटना में कार सवार इला (26 वर्ष), निवासी हरिद्वार घायल हो गईं। उन्हें तत्काल निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बागी (देवप्रयाग) में भर्ती कराया गया।

वहीं बस में सवार आरती (निवासी असगढ़, पट्टी मनियारस्यूं, पौड़ी), घनानंद पंत (निवासी ग्राम मैली, पट्टी चक्की, पौड़ी) और बुद्धि देवी (निवासी ग्राम उजियारी, पट्टी गंगवारस्यूं, पौड़ी) को भी मामूली चोटें आईं।

पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध करा दिया गया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

About The Author