पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में गुरुवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब सतपुली-गुमखाल हाईवे पर चल रही एक स्विफ्ट कार पर अचानक पहाड़ी से भारी बोल्डर आ गिरा। हादसे में कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन उसमें सवार एक ही परिवार के छह सदस्य और चालक सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट कार किर्खू पांग गांव से दिल्ली जा रही थी। वाहन जैसे ही सतपुली मल्ली के पास पहुंचा, अचानक पहाड़ी से मलबा गिरने लगा और कार सड़क पर फंस गई। चालक वाहन को मलबे से निकालने का प्रयास कर ही रहा था कि तभी ऊपर से एक भारी बोल्डर सीधे कार के पिछले हिस्से पर गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ सतपुली की टीम उप निरीक्षक सबर सिंह नेगी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम ने त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाकर कार में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। समय पर किए गए रेस्क्यू से एक बड़ा हादसा टल गया।
कार में थलीसैंण निवासी एक ही परिवार के सदस्य सवार थे, जो दिल्ली जा रहे थे। वाहन में चालक विनोद के अलावा संपत्ति देवी (68), दिलबर सिंह (46), करिश्मा नेगी (36), प्रशांत नेगी (13) और ओजस नेगी (8) मौजूद थे। सभी सुरक्षित हैं, हालांकि कार को भारी नुकसान पहुंचा है।
रेस्क्यू अभियान में उप निरीक्षक सबर सिंह नेगी के साथ हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल संदीप पंवार, मनीष उनियाल, अजीत सिंह, कैलाश, चालक अरविंद सिंह और होमगार्ड सौरभ सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रशासन ने बारिश के मौसम में पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने, मौसम की जानकारी लेकर ही सफर करने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से वाहन न रोकने की अपील की है।





