रामनगर के रिसॉर्ट में बड़ा सेक्स रैकेट बेनकाब, पुलिस की छापेमारी में 52 गिरफ्तार

Listen to this article

रामनगर। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रिसॉर्ट में कथित देह व्यापार के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देशन में एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी कर 52 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की 10 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार, संबंधित रिसॉर्ट में लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। गुप्त सूचना की पुष्टि होने के बाद विशेष टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से देर रात छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान रिसॉर्ट के विभिन्न कमरों से कई युवक-युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिले, जिसके बाद कुल 52 लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया।

कार्रवाई के दौरान नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की 10 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। पुलिस ने उनकी पहचान गोपनीय रखते हुए उन्हें आवश्यक कानूनी सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराई है।

पुलिस ने रिसॉर्ट से भारी मात्रा में अवैध शराब, नकदी तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद करने का दावा किया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि परिसर में बिना वैध लाइसेंस के बार का संचालन किया जा रहा था। साथ ही होटल के कुछ कर्मचारियों की कथित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

छापेमारी के दौरान रिसॉर्ट का मैनेजर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।

एसएसपी नैनीताल ने रामनगर कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है।

About The Author