साहिया–क्वानू मोटर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी पर्यटकों की कार; दो की मौत, तीन गंभीर घायल

साहिया। देहरादून जनपद के साहिया–क्वानू मोटर मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कलेथा-बेवना फेंडूलानी के समीप पर्यटकों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, तहसील प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। संयुक्त रूप से चलाए गए राहत एवं बचाव अभियान के तहत सभी घायलों को खाई से निकालकर निकटवर्ती अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में कुल पांच पर्यटक सवार थे। दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतकों की पहचान कराने और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन का पूरा सहयोग किया। पुलिस और प्रशासन की टीम आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

About The Author