शादी के छह महीने बाद पति पर दुष्कर्म और दहेज प्रताड़ना का आरोप, पत्नी ने दर्ज कराया मुकदमा

Listen to this article

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एक विवाहिता ने अपने पति पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने, दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और अप्राकृतिक कृत्य के लिए दबाव डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर मुखानी थाना पुलिस ने पति समेत परिवार के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार उसकी शादी वर्ष 2024 में हुई थी। विवाह के शुरुआती कुछ महीने सामान्य रहे, लेकिन करीब छह महीने बाद पति और ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया। महिला का आरोप है कि उसे कम दहेज लाने को लेकर लगातार ताने दिए जाने लगे और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

महिला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसका पति उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाता था तथा अप्राकृतिक कृत्य करने के लिए दबाव डालता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि मासिक धर्म के दौरान अस्वस्थ होने के बावजूद पति उसकी स्थिति की अनदेखी कर जबरन संबंध बनाता था। साथ ही, उसे सेनेटरी पैड और अन्य दैनिक जरूरतों की वस्तुओं से भी वंचित रखा जाता था।

पीड़िता का कहना है कि लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर वह ससुराल से अलग रहने लगी, लेकिन इसके बाद भी उसे परेशान किया जाता रहा। अंततः उसने मुखानी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति समेत परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नोट: यह मामला महिला द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

About The Author