पुरोला। पुरोला विधानसभा क्षेत्र के गैंचवान गांव, देवरा, दड़गाण और हलटाड़ी रोड की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय किसानों और बागवानों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सड़क पर बने गड्ढों का प्रतीकात्मक रूप से पूजन कर भाजपा सरकार और जनप्रतिनिधियों का ध्यान क्षेत्र की जर्जर सड़कों की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से सड़कें खस्ताहाल हैं, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और संबंधित जनप्रतिनिधि क्षेत्र की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर सड़क के गड्ढों की मरम्मत नहीं की गई, तो अगला धरना नेटवाड़ बाजार में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) कार्यालय, पुरोला में प्रदर्शन किया जाएगा।
स्थानीय किसानों और बागवानों ने प्रशासन से जल्द सड़क मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
पुरोला में सड़क के गड्ढों का किया पूजन, 10 दिन में मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी



