मलेथा बैरियर पर दो स्मैक तस्कर गिरफ्तार, 8.95 ग्राम स्मैक बरामद

श्रीनगर निवासी समेत दो आरोपी दबोचे, पहाड़ी क्षेत्रों में युवाओं तक नशा पहुंचाने की थी साजिश

कीर्तिनगर/टिहरी। टिहरी पुलिस ने जनपद को नशामुक्त बनाने के अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 8.95 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पहाड़ी क्षेत्रों में युवाओं तक स्मैक पहुंचाकर उन्हें नशे की लत लगाने की कोशिश कर रहे थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली कीर्तिनगर पुलिस ने 9 जुलाई को मलेथा बैरियर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान दो युवकों को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान अंकित डोभाल (30), निवासी कीर्तिनगर के कब्जे से 5.17 ग्राम तथा रुद्र राणा (23), मूल निवासी रुद्रप्रयाग एवं वर्तमान निवासी श्रीनगर (गढ़वाल) के कब्जे से 3.78 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। दोनों आरोपी बरामद मादक पदार्थ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी पहाड़ी क्षेत्रों में स्मैक की आपूर्ति कर युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है।

इस मामले में कोतवाली कीर्तिनगर में मु.अ.सं. 25/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस, मानस पोर्टल या टोल फ्री नंबर 1933 पर जानकारी दें।

About The Author