PMGSY सड़क निर्माण पर उठे सवाल, शांकरी–ओसला मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति का वीडियो वायरल

Listen to this article

पुरोला (उत्तरकाशी)। जनपद उत्तरकाशी की पुरोला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शांकरी–ओसला मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया गया है कि जिस सड़क का भूमि पूजन लगभग एक वर्ष पूर्व किया गया था, उसकी स्थिति आज भी बेहद खराब बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मार्ग पर कई स्थानों पर बड़े-बड़े खड्ड और बहाव वाले क्षेत्र बने हुए हैं। विशेष रूप से हलारा खड्ड और गियागाड़ खड्ड में सड़क का हिस्सा बहने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण में हो रही देरी और बदहाल हालात के कारण हरकीदून घाटी के तालुका, पूर्ति, धातमीर, गंगाड़, पवानी और ओसला गांवों के लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल भूमि पूजन और घोषणाओं से विकास नहीं होता, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्य दिखाई देना चाहिए। लोगों का कहना है कि वे सोशल मीडिया पर विकास के दावों के बजाय क्षेत्र की वास्तविक स्थिति जनता के सामने लाते रहेंगे।
स्थानीय नागरिकों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए तथा बरसात के दौरान प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सुरक्षा और आवागमन की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *