17 जुलाई को देहरादून आएंगे राहुल गांधी, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं से करेंगे संवाद

Listen to this article

देहरादून। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 17 जुलाई को उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचेंगे। इस दौरान वे कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करना है।

कांग्रेस देशभर में कथित पेपर लीक मामलों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर ‘छात्रों की गूंज’ अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत राहुल गांधी उत्तराखंड के छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद करेंगे तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनेंगे।

राहुल गांधी का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस युवाओं और छात्रों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की रणनीति पर काम कर रही है।

चुनावी माहौल के बीच बढ़ी राजनीतिक हलचल

उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए प्रदेश की दोनों प्रमुख राजनीतिक पार्टियां भाजपा और कांग्रेस अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गई हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय नेताओं के दौरों का सिलसिला भी तेज हो गया है। हाल ही में भाजपा और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश का दौरा किया, वहीं अब राहुल गांधी का कार्यक्रम भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

About The Author