2009 बैच के आईएएस अधिकारी संयुक्त सचिव पद पर प्रतिनियुक्त, तीन वर्ष तक निभाएंगे अहम दायित्व
देहरादून | Doon Valley Times
उत्तराखंड कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सविन बंसल को केंद्र स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिली है। हाल ही में देहरादून के जिलाधिकारी (DM) पद से स्थानांतरित होकर नियोजन विभाग में सचिव बनाए गए सविन बंसल का चयन अब लोकसभा सचिवालय में संयुक्त सचिव (Joint Secretary) के पद पर प्रतिनियुक्ति के लिए किया गया है।
लोकसभा सचिवालय द्वारा 13 जुलाई 2026 को जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, 2009 बैच के आईएएस अधिकारी सविन बंसल को पे मैट्रिक्स लेवल-14 में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी प्रतिनियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगी। प्रतिनियुक्ति की सभी शर्तें केंद्र सरकार के प्रचलित नियमों के अनुसार लागू होंगी।
देहरादून DM से लोकसभा सचिवालय तक का सफर
सविन बंसल पिछले करीब 21 महीनों तक देहरादून के जिलाधिकारी रहे। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक सुधारों, जनहित से जुड़े अभियानों और प्रभावी कार्यशैली के चलते अपनी अलग पहचान बनाई। हाल ही में उत्तराखंड सरकार के प्रशासनिक फेरबदल में उनका तबादला कर उन्हें नियोजन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया था, जबकि आशीष चौहान ने देहरादून के नए जिलाधिकारी का कार्यभार संभाला।
अब लोकसभा सचिवालय जैसी महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था में संयुक्त सचिव के रूप में उनकी नियुक्ति को उनके प्रशासनिक अनुभव, नेतृत्व क्षमता और कार्यकुशलता का महत्वपूर्ण सम्मान माना जा रहा है।



