लगातार बारिश से मसूरी-देहरादून मार्ग पर दो स्थानों पर भूस्खलन, मलबा हटाकर यातायात बहाल

Listen to this article

देहरादून। लगातार हो रही बारिश के चलते रविवार को मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग पर दो अलग-अलग स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं। गलोगी पावर हाउस और मैगी प्वाइंट के पास पहाड़ी से अचानक मलबा और पत्थर सड़क पर आ गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। हालांकि प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की त्वरित कार्रवाई से मार्ग को जल्द ही सुचारु कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पीडब्ल्यूडी की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और सड़क पर गिरे मलबे व बड़े पत्थरों को हटाने का कार्य शुरू किया। कुछ ही समय में सड़क को साफ कर यातायात बहाल कर दिया गया, जिससे यात्रियों और पर्यटकों को अधिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन ने स्थानीय लोगों, पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, मौसम की जानकारी लेकर ही सफर करें तथा संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतें।

प्रशासन ने संबंधित विभागों को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। मौसम विभाग द्वारा जारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए पहाड़ी मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *