दून अस्पताल के बच्चों के वार्ड में आधी रात आग, 24 मासूमों को मिनटों में सुरक्षित निकाला

Listen to this article

एग्जास्ट फैन में शॉर्ट सर्किट से मचा हड़कंप, नर्सिंग स्टाफ की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

देहरादून | दून वैली टाइम्स

राजधानी देहरादून स्थित दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की आयुष्मान विंग के पीडियाट्रिक (बच्चों) वार्ड में बुधवार रात करीब 10:30 बजे अचानक एग्जास्ट फैन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। कुछ ही मिनटों में पूरे वार्ड में धुआं भर गया, जिससे भर्ती बच्चों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों की तत्परता के चलते बड़ा हादसा टल गया और वार्ड में भर्ती 24 मासूम बच्चों को सुरक्षित दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।

एग्जास्ट फैन से उठा धुआं, फिर भड़क उठीं आग की लपटें

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले वार्ड में लगे एग्जास्ट फैन से धुआं निकलना शुरू हुआ। देखते ही देखते फैन से आग की लपटें उठने लगीं और धुआं पूरे वार्ड में फैल गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से बच्चों के तीमारदार घबरा गए और वार्ड में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

नर्सिंग स्टाफ बना फरिश्ता, मिनटों में खाली कराया वार्ड

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग अधिकारी साक्षी और हिमानी ने तत्काल मोर्चा संभाला। वहीं वार्ड ब्वॉय सत्येंद्र ने बिना समय गंवाए सुरक्षा कर्मियों और अन्य स्टाफ को सूचना दी। इसके बाद सभी कर्मचारियों ने समन्वय के साथ एक-एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया।

कुछ ही मिनटों में सभी 24 बच्चों को अस्पताल के निचले तल पर स्थित डेंगू वार्ड में सुरक्षित स्थानांतरित कर दिया गया, जहां चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की निगरानी में उनका उपचार जारी रखा गया।

आग पर तुरंत पाया गया काबू

अस्पताल कर्मचारियों ने मौके पर मौजूद अग्निशमन यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) का इस्तेमाल कर आग पर काबू पा लिया। वार्ड से धुआं पूरी तरह साफ होने और सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद देर रात सभी बच्चों को वापस पीडियाट्रिक वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।

पुलिस पहुंची, लेकिन वरिष्ठ अधिकारी नहीं

घटना की सूचना मिलते ही दून अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों के घटनास्थल पर नहीं पहुंचने से कई सवाल खड़े हो गए। अस्पताल की आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था और सूचना तंत्र पर भी चर्चा शुरू हो गई है।

गौरतलब है कि इससे पहले अस्पताल के महिला शौचालय में वीडियो बनाने की घटना के दौरान भी समय पर वरिष्ठ अधिकारियों तक सूचना नहीं पहुंचने का मामला सामने आया था।

किसी के हताहत होने की सूचना नहीं

दून अस्पताल चौकी प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि एग्जास्ट फैन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। कर्मचारियों ने तत्काल अग्निशमन यंत्रों की सहायता से आग बुझा दी और सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना में किसी बच्चे, तीमारदार या अस्पताल कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।

उठे कई अहम सवाल

हालांकि नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों की सतर्कता ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया, लेकिन इस घटना ने अस्पताल की फायर सेफ्टी, आपातकालीन तैयारी और वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारी को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल जैसे संवेदनशील संस्थानों में नियमित फायर ऑडिट और आपातकालीन व्यवस्था की समीक्षा की आवश्यकता एक बार फिर सामने आई है।

About The Author