शीशमबाड़ा कूड़ाघर के विस्थापन की मांग तेज, मुख्यमंत्री से मिले विधायक और क्षेत्रवासी

Listen to this article

देहरादून। शीशमबाड़ा स्थित कूड़ा निस्तारण केंद्र (ट्रेंचिंग ग्राउंड) के विस्थापन की मांग एक बार फिर जोर पकड़ती दिखाई दे रही है। इसी क्रम में सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर के नेतृत्व में सेलाकुई एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित कैंप कार्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर शीशमबाड़ा कूड़ाघर को जनभावनाओं के अनुरूप शीघ्र अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की मांग उठाई।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि शीशमबाड़ा कूड़ा निस्तारण केंद्र के संचालन से आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को लंबे समय से दुर्गंध, प्रदूषण और अन्य पर्यावरणीय समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कूड़ाघर के कारण स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और क्षेत्र के विकास की संभावनाएं भी प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों से इस कूड़ाघर के विस्थापन की मांग लगातार उठाई जाती रही है और अब क्षेत्र की जनता इस संबंध में ठोस निर्णय चाहती है।

विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की जनभावनाओं को रखते हुए कहा कि शीशमबाड़ा कूड़ाघर का मुद्दा स्थानीय लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आग्रह किया कि सरकार जल्द से जल्द विस्थापन की प्रक्रिया पूरी कर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान करे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शीशमबाड़ा कूड़ा निस्तारण केंद्र के विस्थापन को लेकर पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कूड़ाघर को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया को शीघ्र अंतिम रूप दिया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो सके।

मुख्यमंत्री के इस आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल और क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम उठाएगी और शीशमबाड़ा क्षेत्र को कूड़ाघर से राहत मिलेगी।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में रवींद्र भट्ट, अनिल नौटियाल, गणेश रतूड़ी, प्रकाश भट्ट, शूरवीर सिंह चौहान सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

— दून वैली टाइम्स

About The Author