देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के प्रदेश अध्यक्ष रहे हीरा सिंह बिष्ट को रविवार को कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित कर भावभीनी अंतिम विदाई दी। इस दौरान कांग्रेसजनों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए तथा कांग्रेस का ध्वज समर्पित कर उन्हें अंतिम सम्मान दिया।

श्रद्धांजलि सभा में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हीरा सिंह बिष्ट के राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों, मजदूरों, कर्मचारियों और वंचित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ने में समर्पित किया। वे श्रमिक हितों के प्रबल समर्थक और जनसरोकारों से जुड़े जनप्रिय नेता के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट का निधन उत्तराखंड की राजनीति, श्रमिक आंदोलन और कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके जाने से प्रदेश ने एक अनुभवी, सरल, कर्मठ और जनसेवा के प्रति समर्पित नेता को खो दिया है, जिसकी भरपाई करना आसान नहीं होगा।

इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, नवप्रभात, शूरबीर सिंह सजवाण सहित कांग्रेस पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत नेता को पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
— दून वैली टाइम्स





