मृतका की मां को भेजा गया वीडियो जांच में बना अहम साक्ष्य, दहेज प्रताड़ना के आरोपों की गहन जांच जारी
दून वैली टाइम्स | देहरादून|1 अगस्त
श्रीकोट (श्रीनगर गढ़वाल) निवासी सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दहेज मृत्यु के मुकदमे में नामजद पति सौरभ खत्री और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को शुक्रवार को हर्रावाला स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले प्रत्येक तथ्य के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई को सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद मृतका की मां सीमा कंडारी, निवासी श्रीकोट, श्रीनगर गढ़वाल ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पति, सास और ननद द्वारा सृष्टि को मानसिक रूप से परेशान किया जाता था, जिससे वह लंबे समय से तनाव में थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) के तहत दहेज मृत्यु का मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी डोईवाला वंदना वर्मा को सौंपी गई तथा उनके नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के परिजनों, रिश्तेदारों तथा अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए। इसी दौरान मृतका की मां ने पुलिस को एक महत्वपूर्ण वीडियो उपलब्ध कराया, जिसे सृष्टि ने कथित रूप से घटना से पहले अपनी मां को भेजा था। पुलिस के अनुसार, वीडियो में सृष्टि ने विवाह के बाद ससुराल पक्ष द्वारा कथित रूप से किए जा रहे मानसिक उत्पीड़न और प्रताड़ना का उल्लेख किया है। इस वीडियो को जांच में एक महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है।
पुलिस द्वारा जुटाए गए प्रारंभिक साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर 1 अगस्त को नामजद आरोपी सौरभ खत्री (36 वर्ष) और सुरभि खत्री उर्फ चारू (37 वर्ष) को लक्ष्मण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म, हर्रावाला स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में भी उपलब्ध साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की मौत के बाद पूरे उत्तराखंड में इस मामले को लेकर गहरा आक्रोश देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक संगठनों, महिला संगठनों और आम नागरिकों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस की ताजा कार्रवाई को मामले की जांच में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, हालांकि पूरे प्रकरण की सच्चाई अब विस्तृत विवेचना और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी।
