चंद्रबनी में बारिश ने खोली ‘विकास’ की पोल, घरों में घुसा गंदा पानी

देहरादून। विधानसभा सहसपुर का चंद्रबनी क्षेत्र इन दिनों बारिश के बाद जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। थोड़ी सी बारिश होते ही कई स्थानों पर गंदा पानी लोगों के घरों तक पहुंचने लगा है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय स्तर पर राजनीतिक जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। चंद्रबनी क्षेत्र में लंबे समय से भाजपा के जनप्रतिनिधियों का प्रभाव रहा है। विधायक, सांसद, पार्षद और मेयर—सभी भाजपा से हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब जनप्रतिनिधियों और सत्ता की एक ही राजनीतिक व्यवस्था है, तो क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था अब तक क्यों नहीं सुधर पाई?

बारिश के दौरान सड़कों पर जमा पानी और घरों में घुसता गंदा पानी क्षेत्र की नालियों एवं ड्रेनेज व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

लोगों का कहना है कि चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन बारिश आते ही जमीनी हकीकत सामने आ जाती है।

सवाल सीधा है—

जब क्षेत्र के अधिकांश प्रमुख जनप्रतिनिधि एक ही दल से हैं, तो चंद्रबनी की जलभराव की समस्या का जिम्मेदार कौन है?

क्या हर साल बारिश में लोगों के घरों में पानी घुसने के बाद ही प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को जल निकासी व्यवस्था की याद आएगी?

जनता अब सवाल पूछ रही है—
विकास आखिर सड़कों पर क्यों नहीं दिखता, घरों के अंदर क्यों बहता नजर आता है?

About The Author