
देहरादून, 21 अगस्त। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर निर्वाचन विभाग की कवायद तेज हो गई है। शुक्रवार को गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने विधानसभा क्षेत्र सहसपुर में आयोजित विशेष शिविरों और चयनित मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर मतदाता सूची के पुनरीक्षण एवं मैपिंग कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों, बीएलओ और निर्वाचन कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मैपिंग से छूटे मतदाताओं के प्रकरणों की जानकारी ली और निर्देश दिए कि ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि बीएलओ मतदाताओं से आवश्यक अभिलेख एवं निर्धारित प्रमाण-पत्र प्राप्त कर उनका नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित करें। किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे, इसके लिए पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जानी चाहिए।

शिविरों में पहुंचे नागरिकों से किया संवाद
गढ़वाल आयुक्त ने विशेष शिविरों में पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद भी किया। उन्होंने मतदाताओं से एसआईआर प्रक्रिया को लेकर आ रही समस्याओं और शंकाओं की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मतदाताओं को मैपिंग, दस्तावेजों और प्रमाण-पत्रों से संबंधित सही एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
आयुक्त ने कहा कि जिन मतदाताओं की अभी तक मतदाता सूची में मैपिंग नहीं हो पाई है, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे मतदाता निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रमाण-पत्र एवं आवश्यक अभिलेख जल्द से जल्द संबंधित बीएलओ अथवा निर्धारित शिविर में उपलब्ध कराएं। दस्तावेजों के नियमानुसार सत्यापन के बाद उनके प्रकरण पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

झाझरा और सेलाकुई समेत कई मतदेय स्थलों का निरीक्षण
निरीक्षण के लिए चयनित मतदेय स्थलों में राजकीय प्राथमिक विद्यालय झाझरा, जूनियर हाईस्कूल सेलाकुई, राजकीय इंटर कॉलेज सेलाकुई तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मीपुर सहित क्षेत्र के अन्य संबंधित स्थल शामिल रहे। इन केंद्रों पर मतदाताओं की मैपिंग, पुनरीक्षण और दस्तावेजों के सत्यापन से संबंधित कार्यवाही का जायजा लिया गया।
आयुक्त ने बीएलओ और संबंधित निर्वाचन कार्मिकों को घर-घर संपर्क अभियान के साथ-साथ विशेष शिविरों के माध्यम से उन मतदाताओं तक पहुंच बनाने के निर्देश दिए, जिनकी मैपिंग किसी कारणवश लंबित है। उन्होंने प्राप्त दस्तावेजों का नियमानुसार परीक्षण कर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची पर जोर
आनंद स्वरूप ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से एसआईआर कार्य को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ संपादित करने को कहा।
उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान पात्र मतदाता किसी भी स्तर पर वंचित न रहे और प्रत्येक प्रकरण का निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों के अनुसार निस्तारण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट/ईआरओ सहसपुर राकेश तिवारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली सहित संबंधित अधिकारी एवं निर्वाचन कार्मिक मौजूद रहे।

