कालसी। जौनसार-बावर क्षेत्र के तहसील कालसी अंतर्गत खत शिलगांव के ग्राम कनबुआ निवासी श्री कलम सिंह पंवार के 32 वर्षीय पुत्र अरुण पंवार का सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया। अरुण पंवार सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।

जानकारी के अनुसार, अरुण पंवार शनिवार को सहारनपुर से देहरादून की ओर बाइक से आ रहे थे। इसी दौरान बिहारीगढ़–छुटमलपुर के बीच उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनका निधन हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि अरुण पंवार का हाल ही में गोवा से देहरादून स्थानांतरण हुआ था। करीब एक वर्ष पूर्व ही उनका विवाह हुआ था। वहीं, दो माह पहले उनके घर बेटे का जन्म हुआ था। ऐसे में परिवार में खुशियों का माहौल अभी पूरी तरह थमा भी नहीं था कि इस दुखद हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
अरुण पंवार के आकस्मिक निधन से जौनसार-बावर क्षेत्र में भी शोक की लहर है। क्षेत्रवासियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
