चकराता। चकराता क्षेत्र में सहिया से पहले लालपुल के पास शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ चकराता और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। एसडीआरएफ के अनुसार डायल-112 के माध्यम से वाहन के खाई में गिरने और उसमें लोगों के फंसे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर एसडीआरएफ टीम को टाटा टियागो कार संख्या DL9C 8092 सड़क से करीब 35 मीटर नीचे खाई में मिली। कार में तीन पुरुष और दो महिलाएं सवार थे। हादसे में दो लोग गंभीर और तीन लोग सामान्य रूप से घायल हुए।
एसडीआरएफ जवानों ने बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में खाई में उतरकर घायलों तक पहुंच बनाई। स्थानीय पुलिस के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद पांचों घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घायलों की पहचान:
- रोहन कुमार (23), नई दिल्ली
- अभिषेक दुबे (26), रोहिणी, दिल्ली
- अभिषेक (26), नोएडा
- शिवानी सिंह (22), वाराणसी
- प्रिन्स राज (22), वाराणसी
फिलहाल हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
