अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों पर होगी नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई, नशा तस्करों को आर्थिक चोट देने की तैयारी
देहरादून। नशे के काले कारोबार के खिलाफ दून पुलिस ने अब कार्रवाई को और सख्त करने का संदेश दिया है। एसएसपी परमिंद्र सिंह डोबाल ने नशे के कारोबार में लिप्त आरोपियों की अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, नशे की तस्करी से अर्जित धन से बनाई गई संपत्तियों की जानकारी जुटाकर उन्हें चिन्हित किया जा रहा है। ऐसी संपत्तियों के संबंध में संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर कानूनी प्रावधानों के तहत ध्वस्तीकरण समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी डोबाल का संदेश साफ है कि नशे के कारोबार से अवैध साम्राज्य खड़ा करने वालों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अवैध कमाई के स्रोत और उससे बनाई गई संपत्ति पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
पुलिस की इस रणनीति का उद्देश्य नशा तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ना और युवाओं को नशे के जाल से बचाना है। दून पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी संपत्तियों को चिन्हित करने और नियमानुसार कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कप्तान डोबाल का स्पष्ट संदेश: नशे का कारोबार कर संपत्ति खड़ी की तो कानून की कार्रवाई से बचना मुश्किल होगा।
