टला बड़ा हादसा, बेस अस्पताल श्रीकोट में उपचार जारी
कीर्तिनगर। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कीर्तिनगर के समीप देर रात एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही कीर्तिनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना में कार सवार तीन संत घायल हो गए, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीकोट भेजा गया।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कीर्तिनगर संजय मिश्रा ने बताया कि देर रात कार दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। कार अनियंत्रित होकर गदेरे में गिर गई थी। पुलिस ने कार में सवार तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया गया कि कार में जूना अखाड़े के स्वामी स्वरूपानंद यति महाराज, बाबा निरंजन पुरी महाराज समेत तीन संत सवार थे। स्वामी स्वरूपानंद यति ने हादसे को बेहद भयावह बताते हुए कहा कि यह उनके लिए मौत को करीब से छूकर लौटने जैसा अनुभव था। उन्होंने इसे महादेव की कृपा बताया कि तीनों संत सुरक्षित हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार ढूंढप्रयाग क्षेत्र में दुर्घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित स्थान पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। क्षेत्र में क्रैश बैरियर, सुरक्षा दीवार सहित अन्य सुरक्षात्मक उपाय किए जाने की आवश्यकता जताई गई है। बरसात के मौसम में सड़क पर फिसलन और खराब मौसम के कारण दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से बरसात के दौरान सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है।
