घर का खुला दरवाजा देख महिला ने उड़ाए 10 लाख के गहने, रायपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के गुरु विहार, नेहरूग्राम में घर का दरवाजा खुला देखकर महिला ने करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। शिकायत मिलने के बाद रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए आभूषण भी बरामद कर लिए गए।

पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर को नीलम पंत निवासी लेन नंबर-3, मकान नंबर-5 ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि स्वाति शर्मा नाम की महिला ने उनके घर से सोने-चांदी की ज्वैलरी चोरी की है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी स्वाति शर्मा (36), पत्नी संजीव शर्मा, निवासी रीठा मंडी, देहरादून को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए आभूषण बरामद कर लिए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शिकायतकर्ता को करीब तीन महीने से जानती थी और पहले भी उसके घर तीन-चार बार आ चुकी थी। घटना के दिन घर का दरवाजा खुला देखकर उसने मौका पाकर ज्वैलरी चोरी कर ली।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हार, मांग टीका, दो कान के झुमके, टॉप्स, अंगूठी और नथ बरामद की है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।

आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जिला कारागार भेज दिया गया।

पुलिस टीम: वरिष्ठ उपनिरीक्षक भरत सिंह रावत, उपनिरीक्षक कैलाश चंद, हेड कांस्टेबल दीप प्रकाश, हेड कांस्टेबल प्रेम पंवार और महिला हेड कांस्टेबल दमयंती।

About The Author