नशे के खिलाफ चकराता पुलिस की ‘पाठशाला’

नुक्कड़ नाटक और जागरूकता रैली के जरिए स्कूली बच्चों व आमजन को किया जागरूक

चकराता/देहरादून, 5 अक्टूबर 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत सोमवार को कोतवाली चकराता पुलिस ने कैंट स्कूल चकराता में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं, अध्यापकों और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों तथा इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने स्कूली बच्चों और शिक्षकों के साथ जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान बैनर और पोस्टरों के माध्यम से लोगों को नशे से होने वाले सामाजिक, शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों ने भी नशे के खिलाफ संदेश देते हुए लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

नुक्कड़ नाटक ने दिया नशे के खिलाफ संदेश

कार्यक्रम के दौरान ‘संभव परिवार मंच’ संस्था के वालंटियर्स के सहयोग से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से नशे की गिरफ्त में आने से व्यक्ति और उसके परिवार पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

पुलिस ने छात्र-छात्राओं से कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक कर ही भविष्य की पीढ़ी को सुरक्षित बनाया जा सकता है।

नशा मुक्त समाज के लिए सामूहिक भागीदारी पर जोर

चकराता पुलिस ने आमजन से अपील की कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी निभाए। पुलिस ने लोगों को नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान से जुड़ने तथा अपने आसपास के युवाओं को भी नशे से दूर रखने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए लगातार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस का उद्देश्य केवल नशे के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से नशे की रोकथाम और समाज में जागरूकता बढ़ाना भी है।

About The Author