बैरागी कैंप के पास हुआ हादसा, पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया बचाव अभियान
हरिद्वार। हरिद्वार के कनखल कोतवाली क्षेत्र स्थित बैरागी कैंप में मंगलवार देर शाम गंगा के तेज बहाव में बोलेरो वाहन समेत तीन लोग बह गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि बोलेरो चालक लापता है। देर रात तक उसकी तलाश जारी रही।

गंगा में वाहन धोने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो चालक पुष्कर सिंह (38), निवासी सिमलखेत, चौखुटिया, चमोली, सोनप्रयाग से सवारियां लेकर हरिद्वार पहुंचा था। सवारियों को छोड़ने के बाद वह हिमांशु रावत (23) और राकेश सिंह (28) के साथ वाहन धोने के लिए गंगा में उतरा। इसी दौरान नदी का बहाव अचानक तेज हो गया और तीनों बोलेरो समेत पानी की धारा में बहने लगे।
दो युवकों को सुरक्षित निकाला
घटना की सूचना मिलते ही कनखल पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त बचाव अभियान के दौरान हिमांशु रावत और राकेश सिंह को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दोनों को प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं, चालक पुष्कर सिंह का देर रात तक कोई सुराग नहीं मिल सका।
अंधेरे में भी जारी रही तलाश
तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद बचाव दल लापता चालक की तलाश में जुटा रहा। पुलिस के अनुसार, चालक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। फिलहाल लापता चालक की तलाश जारी होने की जानकारी दी गई।
