देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों को लेकर निर्वाचन विभाग ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने शुक्रवार को सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार में आवश्यक सेवाओं की श्रेणी में अधिसूचित किए जाने वाले विभागों, कार्यालयों एवं उपक्रमों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक सेवाओं से जुड़े कार्मिकों की सूची जल्द से जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सेवाओं में कार्यरत कार्मिकों की जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए मतदान की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी जरूरी है।
मुख्यालय स्तर पर वरिष्ठ अधिकारी की होगी तैनाती
डॉ. जोगदंडे ने निर्देश दिए कि मतदान दिवस पर ड्यूटी में तैनात आवश्यक सेवाओं से जुड़े कार्मिकों को डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक संबंधित विभाग मुख्यालय स्तर पर एक वरिष्ठ अधिकारी को तैनात करे।
उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि निर्वाचन ड्यूटी और आवश्यक सेवाओं में कार्यरत होने के कारण कोई भी पात्र कार्मिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। निर्वाचन विभाग का प्रयास है कि मतदान में प्रत्येक पात्र कार्मिक की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी सहित पुलिस, अग्निशमन, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति, परिवहन, पशुपालन, सूचना एवं लोक संपर्क, दूरदर्शन केंद्र, ऊर्जा निगम और पेयजल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन विभाग द्वारा की जा रही तैयारियों के तहत आवश्यक सेवाओं में तैनात कर्मचारियों की मतदान प्रक्रिया को सुगम बनाने की दिशा में इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
