कालसी। विकासखंड कालसी अंतर्गत ग्राम पंचायत भंजरा के पसोटा (मसोटी खेड़ा) गांव में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से एक आवासीय छानी (मकान) पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस दर्दनाक हादसे में छानी में बंधे कई बेजुबान मवेशी जिंदा जल गए, जबकि घर में रखा घरेलू सामान, पशुओं का चारा और अन्य जरूरी सामग्री भी आग की भेंट चढ़ गई।
जानकारी के अनुसार भोपालू के आवासीय छानी में देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक पूरा मकान और उसमें रखा सामान जल चुका था।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग और प्रशासन को अवगत कराया गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का शीघ्र आकलन कर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, उचित मुआवजा तथा पशुधन के नुकसान की भरपाई करने की मांग की है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
कालसी के भंजरा में भीषण अग्निकांड, छानी जलकर राख, कई बेजुबान मवेशियों की दर्दनाक मौत




