नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध नैनी झील को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने विशेष सफाई अभियान चलाया। एसडीएम नवाजिश खलीक के नेतृत्व में नगर पालिका और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने झील के किनारों तथा जल क्षेत्र में जमा प्लास्टिक, पॉलीथीन और अन्य अपशिष्ट सामग्री को हटाकर सुरक्षित तरीके से उसका निस्तारण किया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने झील के आसपास स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को नियमित रूप से सफाई अभियान जारी रखने, निगरानी बढ़ाने तथा समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीडीओ अरविंद कुमार पाण्डे ने कहा कि नैनी झील नैनीताल की पहचान और प्राकृतिक धरोहर है, इसलिए इसकी स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति नालों, झील क्षेत्र या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकते अथवा गंदगी फैलाते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और पर्यटकों से भी अपील की है कि वे नैनी झील और उसके आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सहयोग करें तथा प्लास्टिक और अन्य कचरा खुले में न फेंकें, ताकि इस प्राकृतिक धरोहर का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
नैनी झील की सफाई के लिए प्रशासन का विशेष अभियान, झील से हटाया गया प्लास्टिक व अन्य कचरा




