देहरादून | Doon Valley Times

राजधानी देहरादून के मियांवाला क्षेत्र स्थित एक होमस्टे में बुधवार को सामने आए सनसनीखेज मामले ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। एक बीएसएफ जवान ने अपनी पत्नी को मोबाइल पर होमस्टे की लोकेशन भेजकर कथित रूप से बताया कि उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है और स्वयं भी जहर खा लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे के अंदर 40 वर्षीय महिला मृत अवस्था में मिली, जबकि बीएसएफ जवान बेसुध हालत में पड़ा था। पुलिस ने जवान को अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी के पास पहुंची लोकेशन, उड़ गए होश
पुलिस के अनुसार, बुधवार को एक महिला क्लेमेनटाउन थाने पहुंची और बताया कि उसके पति परमेंद्र नेगी, जो बीएसएफ में तैनात हैं और इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे, ने उसे मोबाइल पर अपनी लोकेशन भेजी। फोन पर परमेंद्र ने कथित तौर पर बताया कि उसका एक महिला के साथ प्रेम संबंध था, उसने महिला की हत्या कर दी है और खुद भी जहर खा लिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने पर पता चला कि वह मियांवाला चौक के पास स्थित एक होमस्टे की थी। क्लेमेनटाउन थाना पुलिस ने हर्रावाला चौकी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा खुलवाया।
कमरे में मिला महिला का शव, जवान बेसुध
कमरे के भीतर 40 वर्षीय आरती निवासी गूलरघाटी, नकरौंदा मृत अवस्था में मिलीं, जबकि 38 वर्षीय परमेंद्र नेगी बेसुध पड़े थे। पुलिस ने तुरंत 108 एंबुलेंस की सहायता से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दून अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परमेंद्र और आरती के बीच पिछले कुछ समय से प्रेम संबंध थे और दोनों पिछले दो दिनों से इसी होमस्टे में ठहरे हुए थे।
मृतका के पति ने लगाया हत्या का आरोप
घटना के बाद मृतका के पति पंकज सिंह ने डोईवाला कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी पत्नी और परमेंद्र के बीच प्रेम संबंध थे, जिसकी जानकारी परमेंद्र के परिवार को भी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि परमेंद्र ने आरती को जहर देकर उसकी हत्या की और बाद में स्वयं भी जहर खा लिया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि, आरती की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगा।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने कमरे की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करने के साथ महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस होमस्टे के रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
जवान के बयान का इंतजार
फिलहाल परमेंद्र नेगी की हालत ऐसी नहीं है कि उनसे पूछताछ की जा सके। पुलिस का कहना है कि उनके होश में आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी। जांच में यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि महिला की मौत जहर से हुई या किसी अन्य कारण से, कमरे में दोनों के बीच क्या हुआ और पत्नी को भेजे गए संदेश के पीछे पूरा घटनाक्रम क्या था।
पुलिस ने मामले की जांच सभी पहलुओं से शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व फोरेंसिक जांच का इंतजार किया जा रहा है।




