कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला का बड़ा बयान, बोले— “विपक्ष में हूं, फिर भी सरकार ने कराया विकास”

मुख्यमंत्री धामी के मंच से सरकार की सराहना, उत्तराखंड की सियासत में तेज हुई चर्चाएं

गोपेश्वर। उत्तराखंड की राजनीति में गुरुवार को उस समय नई चर्चा शुरू हो गई, जब बदरीनाथ विधानसभा से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने सार्वजनिक मंच से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्य सरकार के विकास कार्यों की खुलकर सराहना की। चमोली जिले के गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान दिए गए उनके बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच जब कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला को संबोधन के लिए आमंत्रित किया गया, तो सभी की निगाहें इस बात पर थीं कि विपक्ष के विधायक सरकार के प्रति क्या रुख अपनाते हैं। लेकिन अपने संबोधन में उन्होंने सरकार की कार्यशैली और विकास योजनाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि “मैं विपक्ष में हूं, फिर भी मेरी विधानसभा में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं रही। सरकार ने क्षेत्र के विकास के लिए पूरा सहयोग दिया है।”

बुटोला के इस बयान को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पिछले कुछ समय से कांग्रेस लगातार राज्य सरकार पर विपक्षी विधायकों की उपेक्षा और विकास कार्यों में भेदभाव के आरोप लगाती रही है। ऐसे राजनीतिक माहौल में विपक्ष के विधायक द्वारा सरकार की खुले मंच से सराहना किए जाने को कई राजनीतिक विश्लेषक अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं।

गोपेश्वर में आयोजित इस कार्यक्रम के बाद बुटोला का बयान सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि उन्होंने अपने संबोधन में केवल अपने विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए सरकार के सहयोग की बात कही और किसी राजनीतिक टिप्पणी से परहेज किया।

विधानसभा चुनावों से पहले आए इस बयान ने उत्तराखंड की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस और भाजपा इस बयान को किस तरह राजनीतिक रूप से भुनाने का प्रयास करती हैं।

About The Author