देहरादून। श्री बदरीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी के बहुचर्चित मामले की जांच लगातार नए खुलासे कर रही है। पुलिस की जांच में अब ऐसे संकेत मिले हैं कि इस पूरे प्रकरण में केवल गिरफ्तार आरोपी प्रमोद ही नहीं, बल्कि कई अन्य लोगों की भी भूमिका हो सकती है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है और कई संदिग्धों को रडार पर लिया गया है।
जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, मंदिर परिसर और गणना कक्ष के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच में सामने आया है कि चढ़ावे की गणना के दौरान कई संदिग्ध गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। पुलिस को ऐसे वीडियो मिले हैं, जिनमें कुछ लोग संदिग्ध परिस्थितियों में आते-जाते और चढ़ावे से जुड़े स्थानों के आसपास दिखाई दे रहे हैं। इन्हीं फुटेज के आधार पर अब अन्य संभावित आरोपियों की पहचान की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मामले में विवाद सामने आने के बाद पहली बार गणना कक्ष की गहन तलाशी ली गई। इस दौरान पुलिस ने वहां से कई तकनीकी उपकरण और अन्य सामग्री अपने कब्जे में ली है। साथ ही मंदिर परिसर में लगे पुराने सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी सुरक्षित कर ली गई है, ताकि पूरे घटनाक्रम की क्रमवार जांच की जा सके।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी प्रमोद की गतिविधियां केवल 2 जुलाई तक सीमित नहीं थीं। पुलिस को मिले फुटेज में वह 22 जून, 25 जून और 28 जून को हुई चढ़ावा गणना के दौरान भी दिखाई दे रहा है। इससे जांच एजेंसियों को संदेह है कि यह घटना किसी एक दिन की नहीं, बल्कि लंबे समय से चल रही गतिविधियों का हिस्सा हो सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अब इस संभावना की भी जांच कर रही है कि चढ़ावा चोरी किसी एक व्यक्ति द्वारा नहीं, बल्कि एक संगठित नेटवर्क के जरिए अंजाम दी जा रही थी। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कई संदिग्धों की पहचान की जा रही है और उनसे पूछताछ की तैयारी चल रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चमोली पुलिस ने अपनी जांच और तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध सभी साक्ष्यों की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है और जो भी व्यक्ति इस प्रकरण में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां होने की संभावना भी जताई जा रही है।
गौरतलब है कि बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी का मामला सामने आने के बाद यह प्रकरण पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले में हर नए खुलासे पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।



