मुख्यमंत्री धामी का बड़ा एक्शन: सृष्टि कंडारी मौत मामले की होगी CB-CID जांच

मुख्यमंत्री ने दिए गृह सचिव को लिखित निर्देश, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा

देहरादून। श्रीकोट (श्रीनगर गढ़वाल) निवासी सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा फैसला लेते हुए प्रकरण की जांच CB-CID से कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के इस फैसले के बाद मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच की उम्मीद और मजबूत हो गई है।

देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सृष्टि कंडारी प्रकरण को गंभीरता से उठाया। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

विधायक विनोद कंडारी के अनुसार मुख्यमंत्री ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल गृह सचिव को जांच CB-CID को हस्तांतरित करने के लिखित निर्देश जारी कर दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जांच पूरी निष्पक्षता व पारदर्शिता के साथ कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार का उद्देश्य पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाना है।

क्या है पूरा मामला?

श्रीकोट, श्रीनगर गढ़वाल निवासी सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की शादी के लगभग आठ माह बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने पति, सास और ननद पर दहेज उत्पीड़न और हत्या के गंभीर आरोप लगाए। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

घटना के बाद प्रदेशभर में इस मामले को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी। अब मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जांच CB-CID को सौंपे जाने से उम्मीद जताई जा रही है कि मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच होगी और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

यह मामला पूरे उत्तराखंड में चर्चा का विषय बना हुआ है। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब पीड़ित परिवार सहित प्रदेशभर की निगाहें CB-CID की जांच और उसके निष्कर्षों पर टिकी हैं।

About The Author