मुख्यमंत्री आवास कूच की तैयारियों को लेकर कांग्रेस की बैठक, प्रीतम सिंह ने किया कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान

देहरादून। आगामी 7 सितंबर 2026 को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास कूच को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने देहरादून में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजकुमार के कार्यालय में आयोजित बैठक में शिरकत की।

बैठक में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री आवास कूच की तैयारियों पर चर्चा की गई। प्रीतम सिंह ने कांग्रेसजनों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

प्रीतम सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास कूच महज एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, संविधान और सम्मान की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार से हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर जवाब मांगना चाहती है।

उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा कथित रूप से इस कृत्य को जायज ठहराए जाने पर भी सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की। साथ ही लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर कांग्रेस ने इसे बदनीयती से की गई कार्रवाई बताते हुए सवाल उठाया कि यह एफआईआर किसके दबाव में दर्ज की गई।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सामाजिक न्याय से समझौता नहीं होगा। उन्होंने अन्याय के खिलाफ कांग्रेस की आवाज को लगातार बुलंद करने का संकल्प जताया।

मुख्यमंत्री आवास कूच
स्थान: परेड ग्राउंड, देहरादून
दिनांक: 7 सितंबर 2026
समय: प्रातः 10 बजे

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, पार्षदगण सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About The Author